भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, ब्लास्ट फर्नेस-8 में धमाका और आग, वेस्ट कैचर फटने से मची अफरा-तफरी
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस-8 में वेस्ट कैचर अचानक फट गया, जिससे जोरदार धमाके के साथ भीषण आग लग गई। तेज धमाके की आवाज से पूरा परिसर दहल गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। बीएसपी के दमकल दल ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उत्पादन पर पड़ा असर, 9 हजार टन स्टील का नुकसान
जानकारी के अनुसार ब्लास्ट फर्नेस-8 से प्रतिदिन लगभग 9,000 टन स्टील का उत्पादन होता है। आग लगने से उत्पादन पर सीधा असर पड़ा है और इस्पात प्रबंधन को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रोडक्शन जारी रखने की कोशिश करनी पड़ी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस हादसे से आर्थिक नुकसान करोड़ों रुपए तक पहुंच सकता है।
बीएसपी प्रबंधन ने दिए जांच के आदेश
घटना के तुरंत बाद ने जांच के आदेश जारी कर दिए। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन यह हादसा प्लांट की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय कर्मचारियों का कहना है कि दमकल दल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।