सीएम साय ने अपने निवास पर भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना, बाल गोपालों संग मनाया पर्व
रायपुर। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने निवास में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस मौके पर उन्होंने “कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्, वसुदेव श्रीकृष्ण, देवकी नंदन श्रीकृष्ण” का स्मरण करते हुए श्रद्धा और भक्ति के भाव प्रकट किए।
मुख्यमंत्री ने नंदलाल, माखनचोर और गोवर्धनधारी श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण केवल एक देवता ही नहीं, बल्कि जीवन दर्शन और मार्गदर्शक भी हैं। उनके उपदेश आज भी समाज और मानवता को धर्म, नीति और न्याय के पथ पर चलने की सीख देते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने बाल गोपालों से मुलाकात की। बच्चों को देखकर वे भाव-विभोर हो उठे और कहा कि इनकी मासूम मुस्कान और भोलेपन में ही नंदलाल श्रीकृष्ण की सच्ची छवि दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य और संस्कारित पीढ़ी का निर्माण ही हमारी सरकार का संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निवास में पारंपरिक भक्ति माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भजन-कीर्तन भी किए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि वे जन्माष्टमी के अवसर पर समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश फैलाएं।