घरेलू विवाद में पति ने की पत्नी की हत्या, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
भिलाई। नेवई थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी एकल दुबे (28) ने अपनी पत्नी दीक्षा दूबे (22) का गला दबाकर हत्या की। वारदात के बाद वह खुद थाने पहुंच गया।
पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। दोनों की शादी जुलाई 2024 में हुई थी। पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते शनिवार को यह घटना हुई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका का शव बरामद किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। मृतका का मायका राजनांदगांव में है। घटना की सूचना मिलते ही मायके वाले भिलाई पहुंच गए। मृतका की मां और बड़े पिता ने आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है।
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि मरोदा सेक्टर एचएससीएल कॉलोनी में रहने वाले राजेश उर्फ एकल दुबे (28) और खैरागढ़ ग्राम खपरी खुर्द की रहने वाली दीक्षा दुबे (22) की शादी 11 जुलाई 2024 को राजनांदगांव में हुई थी। शादी के बाद से दोनों में विवाद होता रहता था। कल दोपहर एकल ने अपनी पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर नेवई पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि दीक्षा के साथ आए दिन एकल विवाद करता रहता था। इसी के चलते उसे छोड़कर कई बार मायके आकर रहने लगी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।