आदतन मोटरसाइकिल चोर समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, 17 बाइक बरामद
भिलाई। जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए नेवई थाना, जामुल थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई कर आदतन मोटरसाइकिल चोर समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनकी कीमत लगभग 6 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने जिले में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान थाना नेवई में दर्ज अपराध और थाना जामुल में अपराध दर्ज की जांच में मुखबिर की सूचना पर पुलिस को अहम सुराग मिला। आरोपी शुभम श्रीवास पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से चोरी शुरू की। वह पेट्रोल खत्म हो जाने पर मोटरसाइकिलों को सुनसान जगहों पर छोड़ देता था। आरोपी ने अपनी जरूरत पूरी करने के लिए अकेले और साथियों के साथ मिलकर कई बाइकें चुराईं और उन्हें बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था।
नेवई पुलिस की कार्रवाई में आरोपी शुभम श्रीवास से पूछताछ के बाद 7 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। इनमें हीरो होंडा, टीवीएस अपाचे और स्प्लेंडर समेत विभिन्न मॉडल की बाइकें शामिल हैं। आरोपी ने कबूल किया कि उसने रिसाली सेक्टर और मरोदा क्षेत्र से बाइकें चुराकर उन्हें झाडिय़ों में छिपाकर रखा था।
आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें सीडी डिलक्स, स्प्लेंडर, पल्सर, होंडा हार्नेट और दो बुलेट रॉयल एनफील्ड शामिल हैं। बरामद बाइकों की कुल कीमत लगभग 5.90 लाख रुपये बताई जा रही है।
सशक्त ऐप से मिली मदद पुलिस ने बताया कि इस पूरे अभियान में तकनीकी साधनों और सशक्त मोबाइल ऐप का भी इस्तेमाल किया गया। चोरी हुई मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर की पहचान कर उन्हें डेटाबेस से मिलाया गया। इसके आधार पर चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ और आरोपियों तक पहुंचने में आसानी हुई।