दीनदयाल उपध्याय पर टिप्पणी करने वाले आईएएस अधिकारी की छुट्टी के दिन छुट्टी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक आईएएस को इसलिए आनन-फानन में पद से हटा दिया गया था कि उसने पं0 दीनदयाल उपध्याय के बारे में फेसबुक पर कड़ी टिप्पणी कर दी थी। उन्होंने लिख दिया था…कोई बताए पं0 दीनदयाल उपध्याय ने समाज के लिए किया क्या है। हालांकि, आईएएस किसी विचार से प्रभावित नहीं थे, मगर जिस स्टेट में अफसर पोस्ट हैं और वहां बीजेपी की सरकार है, तो फिर वह दीनदयाल उपध्याय के बारे में ऐसी टिप्पणी भला कैसे बर्दाश्त कर सकती थी।
2016 में यही सितंबर का महीना था। एनपीजी न्यूज ने उस खबर को ब्रेक किया…फेसबुक के स्क्रीनशॉट के साथ। शाम को खबर प्रकाशित हुई। अगले दिन शनिवार था। खबर छपने के बाद सियासी और प्रशासनिक हलको में ऐसी हलचल मची कि तीसरे शनिवार का अवकाश होने के बाद भी मंत्रालय खोला गया। सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला पंचायत के आईएएस सीईओ को छुट्टी कर रायपुर बुला लिया था।
आईएएस अधिकारी साफ-सुथरी छबि के थे। उन्होंने भावावेष में टिप्पणी कर दी थी। बाद में उन्होंने अपनी पोस्ट को हटा लिया। मगर सरकार की नोटिस में बात आ गई। हालांकि, सरकार ने एक संदेश देकर यंग अफसर की चूक को माफ कर दिया था…उसके बाद उन्हें अच्छी पोस्टिंग भी मिली।