ईडी के अधिकारी पर मारपीट के आरोप मामले में हुई सुनवाई, हाईकोर्ट ने पीडि़त व्यापारी को मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने के दिए निर्देश
रायपुर। कारोबारी हेमंत चंद्राकर ने ईडी के अधिकारी पर पूछताछ के नाम पर मानसिक प्रताडऩा और मारपीट करने का आरोप लगाया है. पीडि़त की याचिका पर आज हाइकोर्ट में सुनवाई हुई. मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा की बेंच ने मामले की सुनवाई के दौरान पीडि़त पक्ष से कहा कि अपना बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराएं.
साथ ही ईडी अधिकारी (आरोपी) के खिलाफ एक आवेदन दाखिल करने और मेडिकल जांच के लिए भी एक आवेदन पेश करने के निर्देश दिए हैं. हाईकोर्ट के इस फैसले पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने उच्च न्यायालय का आभार जताया है और भाजपा पर निशाना साधा है.
भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि ईडी के अधिकारियों द्वारा व्यापारी हेमंत चंद्राकर की बेरहमी से की गई पिटाई और अत्याचार पर पीडि़त की दायर याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई.
उच्च न्यायालय ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सक्षम मजिस्ट्रेट की अदालत में आपराधिक मामला दर्ज किया जाए. साथ ही अदालत के माध्यम से हेमंत चंद्राकर का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए.
इससे प्रथम दृष्टया यह साबित होता है कि ईडी जैसी एजेंसी गलत तरह से काम कर रही है. ईडी के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस के उन “कमल छाप” जिम्मेदारों को भी संभल जाना चाहिए, जो कानून के खिलाफ जाकर षड्यंत्र का हिस्सा बन रहे हैं. समय बीतेगा. सवेरा होगा.