राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बिलासपुर का दबदबा, 34 स्वर्ण पदकों के साथ बना चैंपियन

9823769a-cd4a-4b5f-a67e-9061c9953fb5

बिलासपुर। स्व. बीआर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान, बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 21वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय क्यूरुगी ताइक्वांडो प्रतियोगिता और दूसरी राज्य स्तरीय पुम्से ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में बिलासपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 34 स्वर्ण पदकों के साथ विजेता का खिताब हासिल किया। दुर्ग ने 14 स्वर्ण पदक जीतकर उपविजेता स्थान प्राप्त किया। वहीं रायगढ़ नौ स्वर्ण के साथ तीसरे और कोरबा पांच स्वर्ण पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।

छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। इसमें प्रदेश के 18 जिलों से करीब 570 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। विभिन्न आयु और वजन वर्गों में कुल 340 पदकों के लिए खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए।

प्रतियोगिता के दौरान सब-जूनियर और जूनियर वर्ग के बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए किया गया। संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 56 सदस्यीय जूनियर एवं सब-जूनियर बालक-बालिका टीम का गठन किया गया है। यह टीम एक अक्टूबर को इंदौर के लिए रवाना होगी। इंदौर में 2 से 4 अक्टूबर तक ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

समापन समारोह में विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विनायक नेत्रालय के डायरेक्टर डॉ. ललित माखीजा और फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर प्रिंस भाटिया विशिष्ट अतिथि रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत सहित अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े, महासचिव रामपुरी गोस्वामी और इंटरनेशनल रेफरी क्यूरुगी/पुम्से सुंदरमणि पटेल के मार्गदर्शन में हुआ। मंच संचालन प्रधान पाठक नागेंद्र सिंह पेंड्रा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सुशील मिश्रा, जयशंकर यादव, रितेश सिंह, सुभाष त्रिपाठी, संजीव मानिकपुरी और राजेश शुक्ला ने विशेष सहयोग दिया।

रीसेंट पोस्ट्स