पंडरी में होम डेकोरेशन शॉप में भड़की आग, चौथी मंजिल पर रखा फर्नीचर जलकर खाक, लाखों के नुकसान की आशंका

रायपुर : राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में सिटी सेंटर मॉल के नजदीक स्थित एक होम डेकोरेशन की दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी, जहां दुकान में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, घटना देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है। आग लगते ही पूरी बिल्डिंग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते इमारत से काले धुएं का घना गुबार उठने लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा है।
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह AC का कंप्रेसर फटना बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
आग की चपेट में आने से दुकान की चौथी मंजिल पर रखा फर्नीचर और अन्य सामान जल गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी हद तक आग पर नियंत्रण पाने में सफलता हासिल की। फिलहाल आग बुझाने और नुकसान का आकलन करने की कार्रवाई जारी है।
