छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग का बड़ा एक्शन, अंबिकापुर में रमेशचंद अग्रवाल के घर और कंपनी दफ्तर पर रेड

रायपुर : छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने कर चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। प्रदेश के कई जिलों में एक साथ चल रही छापेमारी के बीच सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में भी पीआरए (PRA) ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। इस कार्रवाई के बाद कारोबारी जगत में हलचल तेज हो गई है।
बुधवार सुबह भारी पुलिस बल और सशस्त्र जवानों की मौजूदगी में आयकर विभाग के अधिकारी अलग-अलग वाहनों से अंबिकापुर पहुंचे। टीम ने एक साथ दो स्थानों पर कार्रवाई शुरू की। इनमें पहला ठिकाना पीआरए ग्रुप से जुड़ी बर्बरीक कंस्ट्रक्शन कंपनी का कार्यालय है, जबकि दूसरा मनेंद्रगढ़ रोड स्थित आयकर अधिवक्ता रमेशचंद अग्रवाल का आवास ‘हरसिंगार’ बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह जब परिवार के सदस्य अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे, उसी दौरान आयकर विभाग की टीम उनके आवास पहुंच गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर घर के मुख्य द्वार पर स्थानीय पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। अधिकारियों ने आवास के भीतर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
वहीं, आयकर विभाग की दूसरी टीम ब्रह्म रोड स्थित बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के कार्यालय पहुंची। यहां कंपनी से जुड़े दस्तावेजों, फाइलों और कारोबारी लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
रमेशचंद अग्रवाल आयकर अधिवक्ता हैं और पीआरए ग्रुप के संस्थापक प्रह्लाद राय अग्रवाल के छोटे भाई बताए जाते हैं। बताया जा रहा है कि उनका बर्बरीक कंस्ट्रक्शन कंपनी के कामकाज से भी जुड़ाव है। इसी वजह से आयकर विभाग की जांच के दायरे में उनके आवास और कंपनी के कार्यालय को शामिल किया गया है।
पीआरए ग्रुप का प्रमुख व्यावसायिक कार्यालय सूरजपुर में स्थित बताया जाता है। ग्रुप का कारोबार सड़क, भवन, पुल और पुलिया निर्माण जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है। इसके अलावा स्टील, स्पंज आयरन और लोहे के कारोबार में भी इसकी गतिविधियां हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्रुप से जुड़ी संस्थाओं में स्कूल, अस्पताल और सामुदायिक भवन भी शामिल हैं। परिवार के छह भाई अलग-अलग व्यवसायों के माध्यम से इस कारोबारी समूह से जुड़े हुए हैं।
अंबिकापुर के अलावा रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ में भी बुधवार सुबह से आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों पर भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों की टीमें कंप्यूटर डेटा, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, कारोबारी दस्तावेजों और लेखा पुस्तकों की जांच में जुटी हैं।
जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के दायरे और इसमें सामने आने वाले तथ्यों की वास्तविक जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
