रायपुर में किराये के मकान के नाम पर 28.55 लाख की ठगी, महिला का 4.63 लाख किराया भी दबाया

thagi1

रायपुर। राजधानी रायपुर में मकान किराये पर लेने और दूसरे शहरों में संपत्तियों का संचालन करने के नाम पर एक महिला से 28.55 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला को निवेश पर नियमित मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में रकम जमा कराई। इतना ही नहीं, महिला के मकान का 4.63 लाख रुपये किराया भी बकाया है। पीड़िता की शिकायत पर मुजगहन पुलिस ने एवेना कंपनी के संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला ग्रीन विले सिटी, बोरियाकला निवासी ज्योति सोनी से जुड़ा है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर एवेना नाम की कंपनी का विज्ञापन दिखाई दिया था। कंपनी का संचालन ऋतिक अग्रवाल और अर्जुन अरोरा द्वारा किया जा रहा था। विज्ञापन में मकान किराये पर लेकर उनके ऑनलाइन संचालन के जरिए कमाई कराने का दावा किया गया था।

विज्ञापन देखकर ज्योति सोनी ने कंपनी से संपर्क किया। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि अजय अग्रवाल ने उनका मकान किराये पर लेने और हर महीने नियमित किराया देने का भरोसा दिलाया।

शुरुआत के दो महीनों तक कंपनी की ओर से समय पर किराया दिया गया। इससे महिला का भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने उन्हें अतिरिक्त कमाई का प्रस्ताव दिया।

आरोपियों ने बताया कि भोपाल सहित अन्य शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए संपत्ति मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देना पड़ता है। यदि इस काम में निवेश किया जाए तो नियमित मुनाफा मिल सकता है। इस झांसे में आकर महिला ने 8 मई से 15 जून 2026 के बीच बैंक के माध्यम से 10 लाख रुपये जमा कर दिए। शुरुआत में आरोपियों ने मई, जून और जुलाई में कुछ मुनाफा भी दिया।

शुरुआती मुनाफा मिलने के बाद आरोपियों ने महिला को भोपाल, देहरादून, नासिक, भीमताल, गोवा और जयपुर में नई संपत्तियों के संचालन का लालच दिया। इसके लिए और निवेश करने को कहा गया।

आरोपियों ने लिखित एग्रीमेंट और सुरक्षा चेक देने का भरोसा दिलाया। इस तरह महिला से अलग-अलग किस्तों में 18.55 लाख रुपये और जमा करा लिए गए।

पीड़िता का आरोप है कि उनसे अजय अग्रवाल के नाम से बातचीत करने वाला व्यक्ति वास्तव में कंपनी का निदेशक ऋतिक अग्रवाल था। वहीं, आर्यन नाम से संपर्क करने वाला व्यक्ति अर्जुन अरोरा था।

जब महिला ने निवेश की रकम के बदले लिखित समझौता और सिक्योरिटी चेक मांगे, तो कंपनी के लोग टालमटोल करने लगे। इसके बाद महिला को संदेह हुआ और उन्होंने अपने स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई।

जांच करने पर पता चला कि जिन मकान मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने के नाम पर उनसे रकम ली गई थी, उन्हें कोई पैसा दिया ही नहीं गया था। इसके बाद महिला को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।

पीड़िता ने मुजगहन थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एवेना कंपनी के संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।

पुलिस अब बैंक खातों में हुए लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। इस मामले में महिला के 28.55 लाख रुपये निवेश के नाम पर लिए गए, जबकि 4.63 लाख रुपये का मकान किराया भी बकाया बताया गया है।