हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: आयुष विभाग के फार्मासिस्टों को 1 अप्रैल 2006 से मिलेगा 2400 ग्रेड-पे का लाभ, 4 महीने में वेतन निर्धारण के निर्देश

याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता रेशम लाल जायसवाल ने कोर्ट में पक्ष रखते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग के फार्मासिस्ट ग्रेड-दो को 1 अप्रैल 2006 से 5200-20200 वेतनमान और 2400 ग्रेड-पे का लाभ दिया जा रहा है। वहीं, आयुष विभाग के कर्मचारियों को यही लाभ 1 जनवरी 2016 से मिल रहा था।
याचिका में तर्क दिया गया कि समान पद और कार्य होने के बावजूद दोनों विभागों के कर्मचारियों को अलग-अलग तारीख से वेतनमान और ग्रेड-पे देना उचित नहीं है। अधिवक्ता ने यह भी बताया कि श्रम विभाग के फार्मासिस्टों को भी इसी तरह की मांग पर हाई कोर्ट से राहत मिल चुकी है।
मामले की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच में हुई। राज्य शासन की ओर से अधिवक्ता अक्षय उप्पल ने याचिकाकर्ताओं की मांग का विरोध नहीं किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि लाभ देने से पहले कर्मचारियों की पात्रता और विभागीय दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना जरूरी है।
हाई कोर्ट ने पूर्व में दिए गए न्यायिक फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान मामले का विवाद भी उन्हीं निर्णयों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में अलग दृष्टिकोण अपनाने का कोई आधार नहीं है।
हाई कोर्ट ने आयुष विभाग के याचिकाकर्ता फार्मासिस्टों को 1 अप्रैल 2006 से 5200-20200 वेतनमान और 2400 ग्रेड-पे का लाभ देने का निर्देश दिया है। इसके तहत उनके वेतन का पुनर्निर्धारण किया जाएगा और अन्य सेवा लाभों में भी आवश्यक संशोधन होंगे।
हालांकि, यह लाभ कर्मचारियों की पात्रता और संबंधित विभागीय रिकॉर्ड के सत्यापन के अधीन रहेगा। राज्य शासन को आदेश की प्रति प्राप्त होने के चार महीने के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
