Google Analytics —— Meta Pixel

पेट्रोल पंप संचालकों की घोषणा, 8 तारीख को सभी पेट्रोल पंप रहेंगे बंद

petrol

नई दिल्ली। हरियाणा पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय कोर ग्रुप की बैठक में डीलरों (पेट्रोल पंप संचालकों) ने कृषि विधेयकों के विरोध में चल रहे किसानों के आंदोलन का तन मन धन से मदद करने की घोषणा करते हुए किसान संगठनों द्वारा आठ दिसंबर को घोषित भारत बंद का समर्थन करने की घोषणा की। देशभर में किसान आंदोलन लगातार तूल पकड़ने लगा है। जहां सामाजिक संगठन व कर्मचारी संगठनों ने अपना समर्थन किसानों को दिया है वही आज पानीपत में पेट्रोल डीजल एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई।जिसमें फैसला लिया कि 8 तारीख को प्रदेश के सभी 3468 पेट्रोल पंप किसानों के समर्थन में बंद रहेंगे। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा किसानों की लड़ाई में डीलर एसोसिएशन भी उनके साथ।

पानीपत के निजी होटल में आज पेट्रोल डीजल एसोसिएशन की कोर कमेटी ने आपातकालीन बैठक बुलाकर फैसला लिया कि लगातार देश के व प्रदेश के किसान कृषि बिल का विरोध जता रहे हैं इसीलिए वह भी अपना समर्थन किसानों को दे रहे हैं।किसानों ने आगामी 8 तारीख को भारत बंद का ऐलान किया है ऐसे में डीलर एसोसिएशन ने भी अपना समर्थन किसानों को देते हुए 8 तारीख को भारत बंद का हिस्सा बनने का आहान किया है और कहा है कि प्रदेश के सभी 3468 पेट्रोल पंपों को बंद किया जाएगा।इस अवसर पर पेट्रोल डीजल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि कृषि बिल से किसानों को तो नुकसान हो ही रहा है इसके साथ ही इसका खामियाजा व्यापारी वर्ग को भी भुगतना पड़ रहा है उन्होंने कहा कि लगातार किसान अनशन पर बैठे हैं ऐसे में वह भी किसान पुत्र हैं और किसानों का समर्थन करते हैं और किसानों की इस लड़ाई में वह भी अपना पूर्ण सहयोग देंगे।

उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम डीलर जहां किसान आंदोलन का समर्थन करते है वहीं किसानों के साथ कंधे से कंधा मिला कर आठ दिसंबर को भारत बंद की घोषणा के मद्देनजर हरियाणा के सभी 3468 पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि सिंधू बार्डर, टीकरी बार्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों की वहां के पेट्रोलियम डीलर हर संभव मदद कर रहे है। जबकि यूपी के पेट्रोलियम डीलर भी किसानों की मदद के लिए पीछे नहीं है।