Google Analytics —— Meta Pixel

गया में नक्सलियों ने की चार लोगों की हत्या, घर को बम से उड़ाया

naxali

गया। बिहार से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के डुमरिया के मौन बार गांव में नक्सलियों ने चार लोगों की हत्या कर दी। इसके बाद उसके घर को बम से उड़ा दिया। घटना शनिवार रात की है, जब नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। फिलहाल घटना की ज्यादा जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

नक्सलियों ने चारों लोगों को फांसी पर लटकाया
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी सरजू सिंह भोक्ता के घर को प्रतिबंधित नक्सलियों ने बम से उड़ा दिया। इसके साथ ही सरजू भोक्ता के दोनों बेटों सतेंदर सिंह भोक्ता और महेन्दर सिंह भोक्ता और पत्नी और एक अन्य महिला को घर के बाहर फांसी पर लटका दिया।

नक्सलियों ने पर्चा चिपकाकर लिखा, ले लिया गया बदला
इतना ही, इस घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने पर्चा चिपकाते हुए लिखा, इसी परिवार के लोगो ने षडयंत्र के तहत चार नक्सलियों को पूर्व में जहर खिलाकर मरवा दिया था। वो इनकाउंटर में नहीं मारे गए थे। नक्सलियों ने लिखा अमरेश कुमार, सीता कुमार, शिवपूजन कुमार और उदय कुमार की शहादत का बदला ले लिया गया है।

पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है
मामले में एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा, ‘नक्सलियों ने यह कायराना हरकत चुनाव में दबिश दिखाने के लिए की है। हत्या उसी जगह हुई है, जहां चार नक्सली एनकाउंटर में मारे गए थे। पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है।’