भारत में छह गुना तेजी से बढ़ रहा कोरोना का संक्रमण, 24 घंटों में सामने आए 90 हजार से ज्यादा मामले


नई दिल्ली। भारत में बीते 24 घंटे में कोविड के 90,928 मामले सामने आए। यह पिछले दिन के 58,097 मामलों की तुलना में काफी अधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि बीते 24 घंटे में कुल 325 मौतें दर्ज की गई है। देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,82,876 हो गई है। इस बीच, सक्रिय मामलों की संख्या 2,85,401 हो गई है जो देश के कुल संक्रमित मामलों का 0.81 प्रतिशत है। देश भर में ओमिक्रॉन वेरिएंट की संख्या 2,630 हो गई है। हालांकि, 995 ओमिक्रॉन से संक्रमित लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। वे अब पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि अब तक 26 राज्यों में ओमिक्रॉन के मामले मिले हैं। पिछले 24 घंटों में 19,206 संक्रमितों के ठीक होने से रिकवर होने वालों की संख्या बढ़कर 3,43,41,009 हो गई है। वहीं देश में मरीजों के ठीक होने की दर 97.81 प्रतिशत है। 24 घंटे में देशभर में कुल 14,13,030 कोविड टेस्ट किए गए। भारत ने अब तक 68.53 करोड़ से अधिक कोविड टेस्ट किए हैं। पिछले 24 घंटों में 91 लाख से अधिक वैक्सीन के साथ कोविड टीकाकरण अभियान गुरुवार सुबह तक 148.76 करोड़ तक पहुंच गया है।