त्रि-स्तरीय पंचायत के दूसरे चरण में अभी तक 12 फीसदी वोटिंग, सुबह से ही कतारें…जानिए शहरों का हाल


रायपुर। छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव के बाद अब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हो रहे हैं। आज यानी 20 फरवरी को दूसरे चरण की वोटिंग हो रही है। इस दौरान सरगुजा में 9 बजे तक 11.14% वोट पड़े हैं। वहीं बिलासपुर में 12% वोटिंग हुई है। सुबह से ही पोलिंग बूथों में कतार लगी है। नारायणपुर के फारसागुड़ा में मंत्री केदार कश्यप ने भी मतदान किया है। पेंड्रा में वोटिंग के बाद मतदाताओं को RO-ARO ने पौधा भेंट किया। बिलासपुर के बिल्हा, मैनपाट और सूरजपुर में भी लोग कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं दुर्ग जिले के पाटन विकास खंड के सेलूद, कौही, अचानपुर, धमना, खुड़मुड़ी में भी मतदान हो रहा है। सुबह से भी मतदान केंद्रों में वोटर्स की लाइन लगी है। यहां बुजुर्गों और दिव्यांगों में भी मतदान को लेकर उत्साह दिख रहा है। सुबह व्हीलचेयर से दिव्यांग महिला मतदान करने पहुंची। पोलिंग बूथों के बाहर सेल्फी जोन भी बनाए गए हैं। वोटिंग के बाद लोग सेल्फी ले रहे हैं।
बता दें कि 26 हजार 988 पंच पद, 3 हजार 774 सरपंच पद, 899 जनपद सदस्य और 138 जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए 9 हजार 738 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। वहीं पंच के 65 हजार 716, सरपंच के 15 हजार 217, जनपद सदस्य के 3 हजार 885 और जिला पंचायत सदस्य के लिए 699 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। कबीरधाम जिले के बोड़ला और पंडरिया ब्लॉक के 268 ग्राम पंचायत में चुनाव हो रहा है। 77 मतदान केन्द्र नक्सल प्रभावित हैं, जहां पुलिस बल तैनात हैं। 77 मतदान केंद्र नक्सली दृष्टि से अतिसंवेदनशील व 45 मतदान केंद्र संवेदनशील श्रेणी में हैं। इन क्षेत्रों में DRG व CAF के विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। चुनाव को लेकर 1326 सुरक्षाकर्मी मतदान केंद्रों पर तैनात रहेंगे, जो किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।
जांजगीर चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक के 95 ग्राम पंचायतों में 385 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद पोलिंग बूथ में मतों की गिनती और परिणाम होनी है। नवागढ ब्लॉक पुरुष मतदाता 95371 और महिला 95371 मतदाता है। पेंड्रा जनपद में 41 ग्राम पंचायत में 3 जिला पंचायत सदस्य 12 जनपद सदस्य सहित सरपंच के 41 पदों पर मतदान होना है। अब तक कुल 616 पंच पद में से 214 पंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
वहीं, दुर्ग जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है। पाटन ब्लॉक के 108 ग्राम पंचायत में 108 सरपंच, 1699 पंच, 25 जनपद पंचायत सदस्य और 4 जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान हो रहा है। पाटन ब्लॉक में कुल 1,68,463 मतदाता हैं। जिसमें पुरुष 85,080 और महिला 83,383,294 हैं। मतदान केंद्रों में सुबह 7 बजे से 3 बजे तक मतदान होगा। 1470 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।