Google Analytics —— Meta Pixel

चलती कार में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, मचा हड़कंप

car burn

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क पर चल रही एक कार में अचानक आग लग गई। आग लगता देख चालक ने कार से कूदकर अपनी जान वचाई। वहीं, कुछ ही देर में पूरी कार जलकर खाक हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की टीम की मदद से आग को बुझाया गया।

दरअसल, ये पूरी घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अवंति विहार की है। आज देर शाम एक कार तेलीबांधा की ओर से खम्हारडीह चौक की तरफ आ रही थी। इसी दौरान एटीएम चौक के पास कार में अचानक आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही चालक ने जलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई और इसकी सूचना पुलिस को दी। कार में लगी आग कुछ ही देर में भीषण हो गई।

इधर, आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग को बुझाने का काम शुरू किया गया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि इस घटना में पूरी तरह से कार जलकर खाक हो गई।

फिलहाल आग कैसे लगी और इसका कारण क्या था? इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। कार चालक पूरी तरह से सुरक्षित है। पुलिस मामले में ड्राइवर से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।