9 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन: सीएम हाउस का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका, मंत्री गजेन्द्र यादव ने दिया आश्वासन
रायपुर। राजधानी रायपुर में किसानों ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकालकर अपनी कई लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान संघ के आह्वान पर हजारों किसान राजधानी में जमा हुए और उचित मूल्य पर धान खरीद, गन्ने के समर्थन मूल्य और हाफ बिजली बिल जैसी अहम मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए।
किसानों का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत करना और उनकी 9 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा कराना था। हालांकि, प्रदर्शन स्थल पर स्प्रे शाला के पास पुलिस ने किसानों को आगे बढऩे से रोक दिया। इस दौरान प्रदेश के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव मौके पर पहुंचे और किसानों को आश्वासन दिया।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री ने किसान संगठनों से मिलने का आग्रह किया है और उनकी मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन को राजनीतिक रूप देने की बजाय किसानों की वास्तविक समस्याओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सिंचाई के लिए 2800 करोड़ रुपए की राशि सीएम द्वारा जारी की जा रही है, वहीं कवर्धा के गन्ना किसानों की लंबित राशि भी जल्द ही केबिनेट में प्रस्तावित कर भुगतान किया जाएगा।
हालांकि, मंत्री के आश्वासन के बावजूद किसान संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने कहा कि केवल 9 में से 4 मांगों के पूरा होने की बात कही गई है, लेकिन किसानों का कहना है कि सभी मांगें समय पर पूरी की जाएं।