जिले की छह विधानसभा में असंतुष्टों की मान मनौव्वल शुरू

शेयर करें

मैदान में मौजूद निर्दलीय प्रत्याशियों से भी कर रहे हैं चर्चा, पाटन व दुर्ग ग्रामीण को छोड़कर अन्य क्षेत्रो में है असंतोष
दुर्ग (चिन्तक)। आगामी 17 नवंबर होने जा रहे विधानसभा के चुनाव के मतदान के लिए नामांकन दाखिले का काम 30 अक्टूबर को पूरा हो गया है। अब नामांकन पत्रों की जांच होगी और नाम वापसी के समय के बाद मैदान में मौजूद प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव चिन्ह का वितरण होगा।

नामांकन दाखिले की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कांग्रेस व भाजपा दोनों प्रमुख दल अपने अपने विधानसभा क्षेत्र में असंतुष्टों को मनाने के प्रयास में जुट गए है। जिले की छह विधानसभा की सीटों में पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर व अहिवारा पर कांगे्रस का कब्जा है। एक मात्र वैशालीनगर विधानसभा सीट भाजपा के पास है। कांग्रेस व भाजपा दोनों दलों से इन छह विधानसभा क्षेत्रों में दर्जनों की संख्या में दावेदारी की गई थी।

चूंकि राज्य में कांग्रेस की सरकार सत्तासीन है इसलिए भाजपा से ज्यादा कांग्रेस में दावेदार सामने आए थे। कथित रूप से जिले की कई विधानसभा क्षेत्रों में दावेदार असंतुष्ट है। एक मात्र पाटन में असंतोष की स्थिति नहीं है। यहां मुख्यमंत्री श्री बघेल प्रत्याशी है। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में भी दावेदारी को लेकर कोई असंतोष नहीं है। यहां गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू प्रत्याशी है। शेष अन्य 4 विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस व भाजपा दोनों पार्टियों में असंतुष्ट लोगों की संख्या ज्यादा है। असंतुष्ट अपने स्तर पर इसके लिए रणनीति बना रहे हैं।
कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अपने अपने क्षेत्र में असंतुष्टों को मनाने का काम शुरू कर दिया है। चुनाव में नामांकन दाखिल करने वाले अन्य लोगों से भी चर्चा शुरू कर दी गई है। ऐसा वोट के विभाजन को रोकने किया जा रहा है।

पाटन व दुर्ग ग्रामीण को छोड़कर अन्य विधानसभा के क्षेत्र में पार्षद असंतुष्ट है और अपने ही प्रत्याशी को हराने में लगे हुए है। कुछ प्रत्याशी असंतुष्ट पार्षदों के वार्ड में उनके समानांतर नई टीम तैयार कर रहे है। असंतुष्टों को मनाना प्रत्याशी की पहली प्राथमिकता है। इसके अतिरिक्त चुनाव के मैदान में उतरने वाले प्रत्याशी को नाम वापस लेने भी चर्चा शुरू कर दी गई है।
असंतुष्टों को मनाने में कौन प्रत्याशी कहां तक सफल हो पाता है। इसका पता आने वाले दिनों में चलेगा।
मोदी की सभा से भाजपाई होंगे रिचार्ज
भारतीय जनता पार्टी के भीतर भी असंतुष्टों का जमावड़ा है। कई विधानसभा क्षेत्र में भाजपाई अभी तक एकजुट नहीं हो पाए है। आगामी 4 नवंबर को रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा का आयोजन किया गया है। भाजपा के प्रदेश हाइकमान का मानना है कि इससे जिले की 6 सीटों पर भाजपाई रिचार्ज होंगे और पूरे दुर्ग संभाग पर इसका असर पड़ेगा। बहरहाल मोदी की सभा को लेकर भाजपाइयों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

 

 

You cannot copy content of this page