नयापारा पंचशील नगर वार्ड में बुनियादी समस्याओं का अंबार सफाई, पानी, बिजली के साथ अतिक्रमण से गलियां हुई संकरी


दुर्ग (चिन्तक)। आगामी कुछ माह के अंतराल मेंं विधानसभा का चुनाव होना है। इस चुनाव में शहर की जनता अपने अपने क्षेत्र में हुए विकास का मूल्यांकन करने के बाद ही विभिन्न पार्टी के जनप्रतिनिधियों में से पसंदीदा को वोट देंगी। दुर्ग शहर विधानसभा का क्षेत्र साठ वार्डों को मिलाकर बना है। वाडर्वार क्षेत्र में क्या काम हुए है क्या अधूरे है किसने काम किया किसने काम नही किया। इसकी राय लेने का अभियान शुरू किया गया है।

नयापारा पंंचशील नगर वार्ड क्रमांक एक में दैनिक चिन्तक की टीम ने भ्रमण कर समस्याओं के विषय में जानकारी ली। वार्ड क्रमांक-1 नयापारा में बुनियादी समस्याओं का अंबार है। नागरिकों के अनुसार सबसे पहली समस्या साफ सफाई की है। वार्ड में नालियों की सफाई कई महीनो से नही हुई है। सफाई कर्मियों की संख्या भी कम है। सुबह की बजाय दोपहर से साफ सफाई का काम चालू होता है। पानी की समस्या भी विद्यमान है। क्षेत्र में जगह जगह सार्वजनिक नल लगा हुआ है जो टोटी विहीन है। इसमें बेवजह पानी बहता रहता है। इसके कारण घरों में पीने का पानी नही पहुंच रहा है। बिजली संकट का भी यही आलम है। वार्ड के भीतर कई लाईटें खराब है। अंधेरे की स्थिति बनी रहती है। वार्डवासियों का कहना है कि वार्ड को बुनियादी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए कोई पहल नही की जा रही है। वतर्मान में इस वार्ड से भाजपा के मनीष साहू पार्षद है्ं। इससे पहले कांग्रेस से लिखन साहू पार्षद रह चुके हैं लेकिन इन दोनों के कार्यकाल में वार्ड की जनता को अभी तक समस्याओं से निजात नही मिली है।

अतिक्रमण की है भरमार
नयापारा पंचशील नगर में अतिक्रमण की भरमार है। सड़क के दोनों तरफ बने मकानों की गलियां अतिक्रमण की कहानी कह रही है। अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेने के लिए कई वर्षों से निगम का अमला नही पहुंचा है। परिणाम स्वरूप दर्जनों की संख्या में लोगों ने अपने अपने मकान की सीमा बढ़ा ली है और गलियों में कब्जा करके अपना मकान बढा लिया है। इस वजह गलियां संकरी हो गई है। इन गलियों में चौपहिया वाहन तो दूर दूपहिया वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में भारी तादाद में अवैध निर्माण की शिकायत है। इसका नियमितीकरण भी एक समस्या है।
निस्तारी की समस्या
नयापारा पंचशील नगर में एक डबरी को तालाब बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसके लिए खुदाई का काम भी किया गया है लेकिन तालाब बनाने का काम अभी तक नही किया गया है। इसके कारण वार्ड के लोगों को निस्तारी में भारी असुविधा हो रही है और उन्हें दारू भट्ठी के पास तालाब में जाने के लिए विवश होना पड़ रहा है। वार्ड के नागरिकों ने बताया कि कांग्रेस पार्षद लिखन साहू के कायर्काल में दस लाख रूपये की स्वीकृति तालाब के लिए मिली थी। लेकिन उन्होने मंदिर व सड़क बनाकर काम को आधा अधूरा छोड़ दिया। न ही मंदिर सही ढंग से बना है और न ही सड़क का निर्माण सही ढंग से हुआ है।
वोरा निधि से निर्मित भवन पर कब्जा
वार्ड के नागरिकों ने बताया कि विधायक अरूण वोरा द्वारा क्षेत्र में मानस भवन का निर्माण राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोरा की निधि से कराया गया है लेकिन इस मानस भवन को एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। यह व्यक्ति अपने आपको वोरा समर्थक बताता है और कहता है कि पिछले चुनाव में कांग्रेस को वोट नही दिया है इसलिए भवन का लाभ नहीं मिलेगा। क्षेत्र के लोगों का कहना है भवन पर एक व्यक्ति द्वारा कब्जा कर लिए जाने से आयोजन के नाम पर उन्हें भारी परेशानी हो रही है।
