झंडे के अपमान को लेकर गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव, एसपी समेत 15 पुलिसकर्मी घायल


कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के ग्राम हरमो में गोंडवाना समाज के झंडे के अपमान को लेकर शुक्रवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अपने झंडे के अपमान को लेकर गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें एसपी, एएसपी सहित 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। तनाव को देखते हुए पड़ोसी जिलों से भी अतिरिक्त पुलिसबल बुलवाया गया है। मामले में करीब 200 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम हरमो पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। यहां पर गोंडवाना समाज के लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया, जिससे एसपी, एएसपी सहित 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए। ग्राम हरमो के पास गोंडवाना समाज के झंडे का अपमान किए जाने को लेकर एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग की गई। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने के चलते शुक्रवार की दोपहर राजनवागांव में बैठक हुई। इस बैठक में विरोध करने का फैसला लिया गया और वहां से समाज के लोग भोरमदेव थाने का घेराव करने निकल पड़े। लेकिन पुलिस ने उन्हें वहीं पर रोक दिया। इस पर वहां मौजूद लोगों ने विवादित स्थल ग्राम हरमो की ओर कूच कर दिया। यहां पर भी पुलिस ने बेरिकेटिंग तक सुरक्षा की व्यवस्था तगड़ी कर रखी थी ताकि विवाद की स्थिति न बने।

15 पुलिसकर्मी घायल
इससे नाराज समाज के लोगों ने बेरिकेट्स को तोड़ते हुए आगे बढ़ गए और पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। इसमें करीब 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं एएसपी मनीष रावटे ठाकुर के दाएं हाथ पर गंभीर चोट लगी, जबकि एसपी डॉ.लालउमेद सिंह को भी मामूली चोटें आई हैं। स्थिति को देखते हुए जिलेभर से पुलिस बल को बुलाया गया और उपद्रव करने वाले लोगों को 200 से अधिक गिरफ्तार किया गया।
